गुरूर सब-स्टेशन के 160 एमवीए ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

आसमान में छाया धुएं का गुबार, 132 केवी फीडरों का लोड किया गया सामान्य

गुरूर। जिले के बोहराडीह-मुजगहन गांव में स्थित 220/132 केवी सब-स्टेशन गुरूर में गुरुवार को 160 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई देने लगा। घटना के बाद पूरे विद्युत उपकेंद्र में हड़कंप मच गया, वहीं आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

जानकारी के अनुसार, आग गुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत 220/132 केवी सब-स्टेशन में लगे 160 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर में लगी। आग की तीव्रता को देखते हुए पूरे पावर हाउस की सुरक्षा को लेकर स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना गुरूर थाने को भी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।

बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद 220 केवी से निकलने वाले सभी 132 केवी फीडरों का लोड सामान्य कर दिया गया है। वहीं, इस सब-स्टेशन को कुम्हारी से सीधे बिजली सप्लाई मिलने की जानकारी भी सामने आई है।

गौरतलब है कि इससे पहले बीती रात गुरूर सब-स्टेशन में नंबर-1 सीटी (CT) के भी खराब होने की घटना सामने आई थी। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारणों तथा इससे हुए नुकसान का स्पष्ट आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment