भिलाई स्टील प्लांट में लोहा और स्क्रैप चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रसूखदार कारोबारी और वैशालीनगर BJP मंडल के कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद भाजपा ने भी सख्त रुख अपनाते हुए मुदलियार को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
दरअसल, भास्कर मुदलियार की गाड़ियां मुख्य आरोपी संजय सिंह के जरिए भिलाई स्टील प्लांट के अंदर डस्ट परिवहन के लिए लगाई गई थीं। इन गाड़ियों से प्लांट के अंदर से फ्लू डस्ट बाहर लाया जाता था। आरोप है कि फ्लू डस्ट की आड़ में पिछले कुछ महीनों से स्क्रैप चोरी की जा रही थी।
मामले में इससे पहले भी भास्कर मुदलियार से पूछताछ की गई थी, लेकिन उस समय पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया था। जांच आगे बढ़ने पर उनकी संदिग्ध भूमिका सामने आई और पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मुदलियार की गाड़ियां लंबे समय से कॉन्ट्रैक्टरों के माध्यम से भिलाई स्टील प्लांट के अंदर संचालित हो रही थीं। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
वहीं, मामले में कॉन्ट्रैक्टर हिमांशु खण्डेलवाल और गिरीश खण्डेलवाल अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों से जुड़े 12 बैंक खातों को फ्रीज किया है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और स्क्रैप चोरी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8222250
Total views : 8265750