नकटी ग्राम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, 85 से ज्यादा मकान जमींदोज

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 

नवा रायपुर के नकटी ग्राम में प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई ने सैकड़ों लोगों को बेघर कर दिया। लेयर-3 क्षेत्र में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान 85 से अधिक मकानों को जमींदोज कर दिया गया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बारिश के मौसम में कार्रवाई टालने की गुहार के बावजूद प्रशासन ने कोई राहत नहीं दी।

बताया जा रहा है कि नकटी ग्राम के इस हिस्से में कई वर्षों से मजदूर और खेती-किसानी करने वाले कमजोर वर्ग के परिवार रह रहे थे। लगभग 500 की आबादी वाली इस बस्ती में सुबह से बुलडोजर चलाकर 85 से अधिक मकानों को तोड़ दिया गया। प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे लंबे समय से आबादी पट्टे की मांग कर रहे थे, जबकि कुछ लोगों ने पंचायत के माध्यम से इंदिरा आवास योजना के तहत अपने मकान भी बनाए थे।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नकटी ग्राम और आसपास के इलाकों में सैकड़ों एकड़ सरकारी जमीन पर प्रभावशाली लोगों, ट्रस्टों और कथित भू-माफियाओं का कब्जा है। उनका कहना है कि इन बड़े कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय गरीब और जरूरतमंद परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई को सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया बताया जा रहा है। वहीं प्रभावित परिवारों ने पुनर्वास और राहत की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन परिवारों के लिए क्या व्यवस्था करता है और बड़े कब्जाधारियों पर भी कोई कार्रवाई होती है या नहीं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment