योग शिक्षिका अनीता साहू को ‘नारी गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना में हुआ भव्य कार्यक्रम, महिलाओं की उपलब्धियों को किया गया सम्मानित

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कृष्णा पब्लिक स्कूल, सरोना में आयोजित गरिमामय समारोह में समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली योग शिक्षिका अनीता साहू को “नारी गौरव सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना एवं भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, महिलाएं और नागरिक उपस्थित रहे।


समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्रीमती कौशल्या देवी साय (मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी) उपस्थित रहीं। उन्होंने अनीता साहू को प्रशस्ति पत्र एवं आकर्षक स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की भूमिका को समाज के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं।


कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि योग शिक्षिका अनीता साहू लंबे समय से योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनके द्वारा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए किए जा रहे कार्यों को देखते हुए उन्हें इस वर्ष के नारी गौरव सम्मान-2026 के लिए चयनित किया गया।


इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित योग शिक्षक पारित साहू का भी उल्लेख किया गया, जो योग के क्षेत्र में सक्रिय रहकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित कर रहे हैं और समाज में योग के महत्व को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।


समारोह में उपस्थित महिलाओं ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, खेल और सामाजिक कार्यों सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।

महिलाओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और उनके कार्यों को नई पहचान दिलाते हैं।


अनीता साहू ने कहा – योग से मिलता है स्वस्थ और संतुलित जीवन
सम्मान प्राप्त करने के बाद योग शिक्षिका अनीता साहू ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे योग के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करती रहेंगी।


कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज में उनके योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन, भारत विकास परिषद के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment