प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (PMMVY) के क्रियान्वयन की फरवरी 2026 की स्टेट-वाइज राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने बड़े राज्यों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य ने कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।

जारी रैंकिंग के अनुसार छत्तीसगढ़ ने 93.37 प्रतिशत नामांकन, 83.87 प्रतिशत स्वीकृति दर और 93.95 प्रतिशत शिकायतों के त्वरित समाधान के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वहीं 30 दिनों से अधिक लंबित प्रकरणों की दर 7.07 प्रतिशत और लंबित शिकायत दर 4.96 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि राज्य ने पिछले महीने की तुलना में 6 स्थानों की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा दिया जा रहा है और राज्य का पहला स्थान इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।

वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस उपलब्धि को राज्य के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए विभागीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण छत्तीसगढ़ आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है।

मंत्री राजवाड़े ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक प्रदेश में 1,86,586 गर्भवती महिलाओं का प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत पंजीकरण किया जा चुका है। राज्य सरकार द्वारा अब तक 72 करोड़ 24 लाख 89 हजार रुपये की राशि सीधे पात्र हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि विभाग आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते हुए इस प्रथम स्थान को बनाए रखेगा और प्रदेश की प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला तक योजना का लाभ समय पर पहुंचाएगा। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से राज्य में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है और छत्तीसगढ़ देश के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment