रायगढ़: Raigarh जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। Chhattisgarh Police द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देशन में की गई। पुलिस ने अवैध परिवहन में लगी 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ा, जिनमें करीब 134 टन स्क्रैप लोड था। जब्त कबाड़ की कीमत लगभग 50 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि वाहनों की कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार जिले में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तमनार चौक, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर वाहनों को पकड़ा।
वाहनों में लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ और अन्य स्क्रैप बड़ी मात्रा में लोड था, जिसे स्थानीय प्लांट में खपाने की योजना बताई जा रही थी। वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वे प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह में कबाड़ और वाहनों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पूंजीपथरा स्थित एक मिनी राइस मिल में भी छापा मारा। यहां से मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (करीब 1290 किलो) और पाईलेट गोली लोहे की 57 बोरियां (करीब 2 टन 280 किलो) बरामद की गईं। इनकी कीमत करीब 76,560 रुपये बताई गई है।
इस मामले में प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी को आरोपी बनाया गया है, जिस पर ट्रक चालकों से मैग्नीज मेटल और लोहे के कबाड़ की खरीद करने का आरोप है। पुलिस ने उसके खिलाफ भी मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए ट्रक और वाहन ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े हैं और इनके माध्यम से बड़ी मात्रा में अवैध स्क्रैप परिवहन किया जा रहा था।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164621
Total views : 8190215