रायगढ़: जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में बंद कमरे से खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खाना खाने के बाद कमरे में गया था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा वार्ड नंबर 8 निवासी 20 वर्षीय अभिषेक विश्वकर्मा रात में घर पर खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद कमरे से किसी चीज के गिरने की आवाज सुनाई दी।
परिजन आवाज सुनकर उसके कमरे के बाहर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने मोबाइल पर कॉल भी किया, मगर जवाब नहीं आया।
खिड़की से झांककर देखा तो उड़ गए होश
संदेह होने पर परिजनों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो अभिषेक खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा मिला। कमरे के फर्श और बिस्तर पर भी खून के छींटे थे। यह देख परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
कमरे को किया गया सील
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रात अधिक होने के कारण प्रारंभिक जांच के बाद कमरे को सील कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8199913
Total views : 8237781