खन्ना: पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत खन्ना पुलिस को ऑपरेशन प्रहार-2 में बड़ी सफलता मिली है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पंजाबी सिंगर परमजीत कौर पम्मी और उसके भाई सरवन सिंह मिर्जा को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पंजाब सरकार के निर्देशों पर डीजीपी और डीआईजी लुधियाना रेंज की निगरानी में ऑपरेशन प्रहार-2 शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य नशा तस्करों, गैंगस्टर नेटवर्क और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। हेल्पलाइन इनपुट, लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलांस के आधार पर खन्ना पुलिस ने संवेदनशील इलाकों की पहचान कर अभियान चलाया। पहले ही दिन 125 से अधिक संदिग्ध और असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया गया।
इसी अभियान के तहत माछीवाड़ा साहिब क्षेत्र में छापेमारी कर परमजीत कौर पम्मी और उसके भाई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों खेतों के बीच एक डेरे से कथित रूप से गतिविधियां संचालित कर रहे थे। तलाशी के दौरान करीब 8 ग्राम हेरोइन बरामद होने की बात कही गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2023 में भी परमजीत कौर पम्मी के खिलाफ नशा तस्करी से जुड़ा मामला दर्ज हुआ था। उस मामले में ड्रग ओवरडोज से एक युवक की मौत के बाद उस पर गैर इरादतन हत्या और एनडीपीएस एक्ट के तहत धाराएं लगाई गई थीं। गिरफ्तारी के बाद वह जेल में रही और बाद में जमानत पर रिहा हुई थी।
पुलिस का दावा है कि जमानत के बाद भी गतिविधियां बंद नहीं हुईं। फिलहाल जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि क्या इस नेटवर्क के तार बड़े सप्लायरों या क्षेत्रीय गिरोहों से जुड़े हैं।
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि कार्रवाई सेव पंजाब हेल्पलाइन और एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन पर मिली सूचनाओं के आधार पर की गई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जनता, मीडिया और सामाजिक संगठनों का सहयोग जरूरी है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8202355
Total views : 8240797