जगदलपुर में हत्या के बाद आत्महत्या, पति-पत्नी की घर में मिली लाश

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जगदलपुर: शहर के दंतेश्वरी वार्ड से हत्या के बाद आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात आपसी विवाद के बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि बैलाबाजार, दंतेश्वरी वार्ड निवासी तारासिंह (75 वर्ष) और उसकी पत्नी विजय वीर (70 वर्ष) के बीच बीती रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच काफी देर तक बहस चली, जिसके बाद वे सोने चले गए।

रात करीब 2 बजे के आसपास दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। गुस्से में आकर तारासिंह ने घर में रखे नारियल काटने वाले औजार से पत्नी पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान महिला को कई जगह गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने उसी घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना की जानकारी मृतकों के बेटे को हुई, जिसने आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी।

फिलहाल पुलिस मौके पर जांच कर रही है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment