गरियाबंद: जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी रंजिश के चलते एक महिला की उसकी ही सहेलियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात समाज में बदनाम करने और चरित्र को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की रंजिश में अंजाम दी गई।
मृतका की पहचान सुमित्रा नेताम (37 वर्ष) के रूप में हुई है। मामला मैनपुर ब्लॉक के शोभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गरीबा का है। आरोप है कि सुमित्रा गांव में आरोपी महिलाओं के चरित्र को लेकर लोगों के बीच आरोप लगा रही थी, जिससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हो रही थी। इसी बात को लेकर तीनों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।
जानकारी के अनुसार, घटना के दिन आरोपी महिलाएं सुगतिन नेताम (36) और ईतवारिन बाई (46) सुमित्रा के घर पहुंचीं। वहां विवाद के बाद आरोपियों ने सुमित्रा के साथ गंभीर मारपीट की। आरोप है कि दोनों ने डंडे और लात-घूंसों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद दोनों आरोपी फरार होने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के चलते पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8223677
Total views : 8267613