मणिपुर को मिला नया मुख्यमंत्री: युमनाम खेमचंद सिंह संभालेंगे कमान

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 कई हफ्तों से चल रही अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मणिपुर के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया है। सिंगजामेई से विधायक युमनाम खेमचंद सिंह को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया गया है। यह फैसला मंगलवार को नई दिल्ली में हुई बीजेपी नेतृत्व की अहम बैठक में लिया गया।

गौरतलब है कि राज्य में बढ़ते जातीय तनाव के बीच पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद पिछले करीब एक साल से मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू था। मुख्यमंत्री का पद खाली रहने के कारण प्रशासन की जिम्मेदारी राज्यपाल के हाथों में थी। अब खेमचंद सिंह की नियुक्ति के साथ मणिपुर में एक बार फिर निर्वाचित सरकार के नेतृत्व की राह खुल गई है।

युमनाम खेमचंद सिंह बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं और मणिपुर की राजनीति में एक जाना-पहचाना चेहरा माने जाते हैं। वे 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में इंफाल वेस्ट जिले के सिंगजामेई विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इससे पहले वे बीजेपी की सरकार में म्युनिसिपल एडमिनिस्ट्रेशन, हाउसिंग और अर्बन डेवलपमेंट, साथ ही कॉमर्स और इंडस्ट्रीज़ जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

बीजेपी मणिपुर के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके खेमचंद सिंह को एक संगठन-प्रधान और अनुभवी प्रशासक के रूप में जाना जाता है। पार्टी संगठन को खासतौर पर इंफाल वैली में मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है। शहरी शासन, नगर निकाय सुधार और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।

उनकी नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है, जब राज्य में राजनीतिक स्थिरता, प्रशासनिक सामान्य स्थिति बहाल करने और शासन व्यवस्था में जनता का भरोसा फिर से कायम करने की बड़ी चुनौती है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नया नेतृत्व मणिपुर को मौजूदा हालात से बाहर निकालने में कितना सफल होता है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment