ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 10 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के चंद्रबधनी नाका अंतर्गत गढ़्ढे वाला मोहल्ला, गली नंबर-1 की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक बच्चे के पिता कमल सिंह केवट मूल रूप से मुरैना जिले के सबलगढ़ के निवासी हैं और वर्तमान में ग्वालियर के कैंसर हॉस्पिटल में कार्यरत हैं। वे अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात यह घटना हुई। बताया गया कि कमल सिंह की पत्नी और एक बेटा उस समय पैतृक गांव सबलगढ़ गए हुए थे, जबकि कमल सिंह ड्यूटी पर थे। घर में नाबालिग बच्चा अकेला था।
कमल सिंह के अनुसार, उन्होंने साथ में रहने वाले सहकर्मी पवन को फोन कर बेटे का ध्यान रखने को कहा था। जब पवन ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। इसके बाद पास के कमरे से जुड़े दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां बच्चा दीवार में लगी कील पर रस्सी का फंदा बनाकर फांसी पर लटका मिला।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को निगरानी में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया गया है। वहीं, परिजनों ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि बच्चे ने कुछ दिन पहले बताया था कि एक महिला शिक्षिका उसे परेशान करती थी। इसी आरोप को ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8151353
Total views : 8169194