25 किलो गांजा जब्त, ओडिशा के 4 तस्कर और रायपुर का मुख्य खरीददार गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

महासमुंद: छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोमाखान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ ने 25 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में ओडिशा के चार अंतरराज्यीय तस्करों सहित रायपुर के मुख्य खरीददार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा जेस्ट कार (CG 10 AS 9099) भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये है। इसके अलावा 2 लाख 03 हजार 100 रुपये नगद और 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में जब्त कुल संपत्ति की कीमत करीब 19 लाख 84 हजार 100 रुपये बताई जा रही है।

2026 की 27वीं बड़ी कार्रवाई
एएनटीएफ की यह कार्रवाई वर्ष 2026 की 27वीं बड़ी कार्रवाई है। एएनटीएफ द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 2123.716 किलो अवैध मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। इस दौरान कुल 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 55 आरोपी राज्य के बाहर के बताए जा रहे हैं। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि छत्तीसगढ़ पुलिस नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही है।

सूचना के आधार पर की गई दबिश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 1 फरवरी 2026 को एएनटीएफ को कोमाखान थाना क्षेत्र में अवैध गांजा परिवहन की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने रणनीति बनाकर मौके पर दबिश दी। विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 25 किलो गांजा, परिवहन में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई। जांच में सामने आया कि गांजा ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था और इसे रायपुर सहित अन्य इलाकों में खपाने की तैयारी थी। इस नेटवर्क में रायपुर निवासी बंशी साहू मुख्य खरीददार के रूप में सामने आया।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(बी)(ii)(सी) और धारा 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एंड-टू-एंड और फाइनेंशियल जांच जारी
एएनटीएफ ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल जब्ती और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन की जा रही है। तस्करी से जुड़े सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट, बैंकिंग लेन-देन और आरोपियों द्वारा अर्जित संपत्तियों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  • प्रशांत नंदा, निवासी रंगाली, जिला बलांगीर (ओडिशा)

  • संजय नाग, निवासी गंडा पतरापाली, जिला बलांगीर (ओडिशा)

  • दीपक महानंद, निवासी जिला बलांगीर (ओडिशा)

  • शंकर हरपाल, निवासी गंडा पतरापाली, जिला बलांगीर (ओडिशा)

  • बंशी साहू, निवासी शिवनगर, शीतला मंदिर के पास, आजाद चौक, रायपुर

पुलिस की जनता से अपील
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी प्रकार की गतिविधि, तस्करी, भंडारण या बिक्री की जानकारी तुरंत पुलिस या एएनटीएफ को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि समाज के सहयोग से ही नशे के खिलाफ यह लड़ाई सफल होगी और आने वाले समय में तस्करों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *