महासमुंद: सिरपुर महोत्सव 2026 का भव्य समापन 3 फरवरी को संगीत, नृत्य और संस्कृति के अद्भुत संगम के साथ होगा। महोत्सव के अंतिम दिन दिनभर शास्त्रीय और लोक कलाओं की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी, जबकि रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स अपनी धमाकेदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
मीत ब्रदर्स अपने सुपरहिट और लोकप्रिय गीतों के जरिए महोत्सव की शाम को यादगार बनाएंगे। “चल घर चलें मेरे हमदम, होंगे जुदा ना जब तक है दम”, “तेरे संग यारा, खुशरंग बहारा” और “आईना है तू, आईना मैं हूँ, तेरा ही चेहरा दिखता मुझमें” जैसे भावनात्मक और मधुर गीतों पर श्रोता झूमते नजर आएंगे।
महोत्सव के अंतिम दिन दोपहर 2 बजे से विभिन्न कलाकारों द्वारा कत्थक, ओडिसी, पंथी, बस्तरिहा नृत्य, डंडा नृत्य सहित अन्य लोक प्रस्तुतियों का सिलसिला जारी रहेगा। शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद लोक साधना की विशेष प्रस्तुति होगी।
आयोजकों के अनुसार, सिरपुर महोत्सव का यह समापन समारोह दर्शकों के लिए एक यादगार सांस्कृतिक अनुभव साबित होगा।
Author: Deepak Mittal









