दुर्ग: जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। नाराज पत्नी ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अंजली साव (35) के रूप में हुई है, जो भिलाई क्षेत्र की रहने वाली थी। अंजली इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थी और अक्सर रील बनाती थी, जिसे लेकर उसका पति आपत्ति जताता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि बुधवार को जब बच्चे ट्यूशन गए हुए थे, उसी दौरान अंजली ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि जिले में हाल के दिनों में आत्महत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले एक ग्राफिक्स डिजाइनर युवक ने गर्लफ्रेंड से जुड़े विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। युवक ने अपनी पत्नी पर गर्लफ्रेंड पर जादू-टोना कराने का आरोप लगाया था। वहीं, एक अन्य मामले में दो भाइयों के साथ रह रही एक बहन ने भी अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर जान दे दी थी।
फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8151175
Total views : 8168882