माना थाना क्षेत्र में देर रात की घटना, आरोपी अस्पताल में भर्ती
माना थाना क्षेत्र में देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक पुलिस जानकारी के अनुसार, भुनेश्वर यादव का अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू के साथ चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया।
इसी दौरान दोनों बच्चे आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि आरोपी ने दोनों बच्चों पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसी धारदार हथियार से खुद को भी घायल कर लिया और जान देने की कोशिश की।
सुबह हुआ घटना का खुलासा
घटना की जानकारी सुबह उस समय सामने आई, जब मकान मालिक और पड़ोसी रात हुए विवाद के संबंध में जानकारी लेने आरोपी के घर पहुंचे। घर के अंदर का दृश्य देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और चरित्र पर संदेह को प्रारंभिक वजह बताया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Author: Deepak Mittal









