नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को संसद में 9वां केंद्रीय बजट पेश करते हुए आम जनता, मरीजों, उद्योग और निवेशकों को बड़ी राहत दी है। बजट 2026 में सरकार ने 17 एंटी-कैंसर दवाओं और दुर्लभ बीमारियों की दवाओं को कस्टम्स ड्यूटी से पूरी तरह मुक्त करने का फैसला किया है, जिससे इन जीवनरक्षक दवाओं की कीमतें कम होंगी।
बजट में बैटरी निर्माण और विमानन क्षेत्र को भी राहत दी गई है। बैटरी से जुड़े कच्चे माल और विमानों के ईंधन व रखरखाव से संबंधित कुछ इनपुट्स पर कस्टम्स ड्यूटी में कटौती की गई है, जिससे इलेक्ट्रिक व्हीकल और एविएशन सेक्टर को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वित्त मंत्री ने विदेश यात्रा, शिक्षा और चिकित्सा के लिए टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स (TCS) दरों में भी बड़ी कटौती की घोषणा की। विदेश यात्रा पैकेज पर TCS दर को 5–20 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि शिक्षा और चिकित्सा उद्देश्यों के लिए लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (LRS) के तहत TCS 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत किया गया है।
बजट में पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। साथ ही एमएसएमई, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, बायोफार्मा, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, आयुष संस्थान और मेडिकल टूरिज्म हब्स जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश का एलान किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार ने पांच मेडिकल टूरिज्म हब स्थापित करने में राज्यों को सहयोग देने और अगले पांच वर्षों के लिए बायोफार्मा ‘शक्ति’ योजना के तहत 10,000 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की। मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए NIMHANS 2.0 की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया है।
किसानों के लिए बहुभाषी AI टूल लॉन्च किया जाएगा, जिससे कृषि गतिविधियों में तकनीक का बेहतर उपयोग हो सकेगा। वहीं छोटे टैक्सपेयर्स के लिए नियम-आधारित ऑटोमेटेड टैक्स प्रक्रिया लागू की जाएगी। मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल से मिलने वाले ब्याज को आयकर और TDS से मुक्त कर दिया गया है।
बजट 2026-27 में राजकोषीय घाटा 4.3 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि करीब 2.5 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आ चुके हैं और सरकार का फोकस विकास, रोजगार और समावेशी अर्थव्यवस्था पर बना रहेगा।
कुल मिलाकर बजट 2026 में स्वास्थ्य, टैक्स राहत, इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि और उद्योगों पर विशेष जोर देते हुए आम लोगों को सीधी राहत देने की कोशिश की गई है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8150854
Total views : 8168349