नारायणपुर अंचल में अमन-शांति, आजीविका और स्थानीय सहभागिता बढ़ाने पर फोकस : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नारायणपुर: दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अबूझमाड़ क्षेत्र में आयोजित पीस हाफ मैराथन के शुभारंभ के साथ ही अनेक सामाजिक, खेल और पर्यटन गतिविधियों में सहभागिता की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में शांति स्थापना, आजीविका संवर्धन और स्थानीय सहभागिता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया, उन्हें प्रोत्साहित किया तथा आमजन से संवाद कर विश्वास और सहभागिता को और मजबूत किया।

बाइकर्स को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री साय ने शांत सरोवर के समीप रायपुर के छत्तीसगढ़ राइडिंग क्लब के 40 बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइकर्स दल नारायणपुर के सुदूर पर्यटन स्थल कच्चापाल तक यात्रा करेगा। इस पहल का उद्देश्य अबूझमाड़ को जानने-समझने और क्षेत्र में शांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

शांत सरोवर में नौका विहार

बिजली गांव के समीप स्थित शांत सरोवर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम के साथ नौका विहार का आनंद लिया। स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह विशेष पहल स्थानीय प्रशासन द्वारा की गई।

तीर-धनुष से साधा लक्ष्य

बिंजली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने तीरंदाजी के स्थानीय युवा खिलाड़ियों से आत्मीय मुलाकात की और स्वयं तीर-धनुष उठाकर लक्ष्य साधते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अंचल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आदिवासी समाज की पारंपरिक दक्षताओं को आधुनिक प्रशिक्षण से जोड़कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र में शांति स्थापना, आजीविका संवर्धन, खेल प्रतिभाओं को मंच देने और विश्वास का वातावरण निर्मित करने के लिए सतत कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया, सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

February 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728

Leave a Comment