रायपुर में पुलिस कमिश्नरी लागू होते ही IPS अफसरों के तबादले तय, जल्द जारी हो सकती है लंबी सूची

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा रायपुर में पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू करने के फैसले के बाद IPS अफसरों के तबादलों की प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार शाम राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के साथ ही नए सेटअप के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की तैनाती को लेकर मंथन शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि तबादलों की सूची लंबी हो सकती है, क्योंकि पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति से कई जिलों के आईजी और एसपी स्तर के अधिकारी प्रभावित होंगे।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस कमिश्नर के पद के लिए दुर्ग रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है। वहीं वर्तमान रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा को भी एक मजबूत दावेदार माना जा रहा है। अमरेश मिश्रा को तेज-तर्रार अफसर के रूप में जाना जाता है और उनकी पुलिसिंग की शासन स्तर पर भी सराहना हो चुकी है। यदि उन्हें पुलिस कमिश्नर बनाया जाता है तो दुर्ग रेंज के आईजी का बदलना तय माना जा रहा है।

पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति के साथ ही संबंधित रेंज में नए आईजी की पोस्टिंग भी की जाएगी। इसके अलावा एक-दो अन्य रेंज के आईजी भी इस फेरबदल से प्रभावित हो सकते हैं।

पुलिस कमिश्नर के बाद सबसे ज्यादा चर्चा रायपुर ग्रामीण एसपी की तैनाती को लेकर है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस पद पर किसी प्रमोशनल IPS अफसर को जिम्मेदारी दी जा सकती है, जो डीआईजी स्तर का अधिकारी होगा। वहीं रायपुर पुलिस जोन में आईजी पद पर वर्तमान आईजी अमरेश मिश्रा को ही प्रभार दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

ग्रामीण रेंज के अंतर्गत रायपुर ग्रामीण, बलौदाबाजार, धमतरी, महासमुंद और गरियाबंद जिले शामिल रहेंगे। ऐसे में अमरेश मिश्रा के प्रभार में पांच जिले यथावत रहने की संभावना है।

फिलहाल, सभी की नजरें सरकार के अगले आदेश पर टिकी हैं, जिससे IPS अधिकारियों की नई पदस्थापना को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment