जिम की आड़ में जबरन धर्म परिवर्तन और यौन शोषण का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश): मिर्जापुर जिले में जिम की आड़ में जबरन धर्म परिवर्तन, यौन शोषण और उगाही का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में जिम मालिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एहतियातन पुलिस ने जिले में संचालित चार जिम को सील कर दिया है।

यह मामला सदर तहसील कॉलोनी में संचालित केजीएन जिम से जुड़ा है। दो महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि जिम संचालक और ट्रेनर ने दोस्ती के बहाने उन्हें प्रेम जाल में फंसाया, इसके बाद उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। आरोप है कि महिलाओं का यौन शोषण किया गया, आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसों की उगाही की गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शेख अली, फैसल खान, जहीर और सादाब के रूप में हुई है।

हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक केसरवानी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि केजीएन जिम पिछले 10–12 वर्षों से संचालित हो रहा था और इसकी तीन से चार शाखाएं थीं। उन्होंने कहा कि संगठन को लंबे समय से यहां कथित ‘लव जिहाद’ से जुड़ी गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही थीं। पीड़ित परिवारों से संपर्क के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

वहीं, जिस मकान में जिम संचालित हो रहा था, उसके मालिक अजय कुमार दुबे ने बताया कि उन्होंने इमरान खान को किराए पर जगह दी थी और उन्हें अंदर की गतिविधियों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी से तत्काल जगह खाली कराई जाएगी।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मंत्री कमलेश मौर्य ने आरोप लगाया कि जिम में आने वाली अधिकांश महिलाएं हिंदू थीं और पिछले कुछ समय से जबरन धर्म परिवर्तन की घटनाएं सामने आ रही थीं।

एसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment