चेन्नई: तमिलनाडु के करूर में हुई भीषण भगदड़ मामले की जांच के तहत तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) के नेता और अभिनेता विजय को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक बार फिर तलब किया है। सीबीआई ने विजय को सोमवार, 19 जनवरी को नई दिल्ली स्थित अपने कार्यालय में पेश होने के लिए कहा है। यह पूछताछ पिछले साल 27 सितंबर को करूर में आयोजित विजय की राजनीतिक कैंपेन रैली के दौरान हुई दर्दनाक भगदड़ से जुड़ी है, जिसमें 41 लोगों की मौत हो गई थी।
इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अजय रस्तोगी की अध्यक्षता वाली एक सुपरवाइजरी कमेटी की निगरानी में की जा रही है। इससे पहले 12 जनवरी को सीबीआई ने अभिनेता विजय से करीब छह घंटे तक पूछताछ की थी। अब एजेंसी ने दोबारा पूछताछ के लिए उन्हें दिल्ली बुलाया है।
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई जांच में रैली के आयोजन, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक तैयारियों में हुई संभावित चूकों पर खास फोकस कर रही है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि किस स्तर पर लापरवाही हुई, जिसके चलते यह जानलेवा हादसा हुआ।
जांच के तहत सीबीआई ने पिछले महीने टीवीके के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी पूछताछ की थी। इनमें पार्टी महासचिव बुस्सी आनंद, इलेक्शन मैनेजमेंट डिवीजन के जनरल सेक्रेटरी आधव अर्जुन, जॉइंट जनरल सेक्रेटरी निर्मल कुमार और करूर जिला सचिव मथियाजगन शामिल हैं। एजेंसी ने इन सभी के बयान दर्ज कर यह जानने की कोशिश की कि कार्यक्रम का आयोजन किसने किया, तैयारियां कैसी थीं और सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे।
यह मामला 27 सितंबर 2025 को करूर में आयोजित एक राजनीतिक अभियान से जुड़ा है, जहां विजय टीवीके पार्टी के लिए प्रचार कर रहे थे। आरोप है कि अभिनेता के तय समय से देर से पहुंचने के कारण सभा स्थल पर भीड़ बेकाबू हो गई, जिससे भगदड़ मच गई। इस हादसे में 41 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए थे।
घटना के बाद अभिनेता विजय ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया था और मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की थी। उन्होंने कुछ पीड़ित परिवारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत भी की थी। फिलहाल, सीबीआई मामले की गहन जांच में जुटी है और आने वाली पूछताछ को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165564
Total views : 8191505