रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ नेता और बस्तर संभाग के संघचालक सुकालू राम बघेल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए इस घटना को अत्यंत दुःखद बताया।
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बस्तर संभाग के संघचालक श्री सुकालू राम बघेल जी का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्रीराम पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। ॐ शान्ति।”
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को जगदलपुर–चित्रकोट मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जगदलपुर की ओर से चित्रकोट जा रही टाटा मैजिक वाहन की विपरीत दिशा से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार काफी दूर जा गिरा।
इस दुर्घटना में बाइक सवार RSS के बस्तर संभाग विभाग संघ संचालक सुकालू राम बघेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक और टाटा मैजिक में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना बड़ांजी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि संघ और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
Author: Deepak Mittal









