कल्लाकुरिची (तमिलनाडु): तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सास ने अपनी बहू की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि सास क्रिस्टोफर मैरी ने अपनी दोस्त एमिलिया के साथ मिलकर बहू नंदिनी का सिर काट दिया और शव के टुकड़ों को मणिमुथार नदी में अलग-अलग स्थानों पर दफना दिया।
यह सनसनीखेज मामला शंकरपुरम क्षेत्र के विरियूर गांव के पास का है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
लापता बहू की तलाश ने खोला राज
विरियूर गांव के डॉक्टर मारिया रोजारियो ने पत्नी नंदिनी के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि नंदिनी आखिरी बार अपनी सास के साथ घर से निकली थी। शक के आधार पर पुलिस ने क्रिस्टोफर मैरी से पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मंदिर जाने का बहाना, नदी किनारे कत्ल
पुलिस के अनुसार, करीब पांच दिन पहले क्रिस्टोफर मैरी नंदिनी को मंदिर जाने के बहाने घर से ले गई। इसके बाद चोलमपट्टू क्षेत्र में मणिमुथार नदी के किनारे, उसने दोस्त एमिलिया के साथ मिलकर नंदिनी पर जानलेवा हमला किया और सिर काटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को टुकड़ों में कर नदी के अलग-अलग स्थानों पर दफना दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह खौफनाक वारदात पिछले तीन महीनों से योजनाबद्ध थी।
दूसरी शादी से नाराज थी सास
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नंदिनी पहले से विवाहित थी और उसने विरियूर के डॉक्टर रोजारियो से दूसरी शादी की थी। यही बात सास क्रिस्टोफर मैरी को नागवार गुजर रही थी। बहू की दूसरी शादी से नाराज सास ने दोस्त के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
शव की तलाश जारी, फोरेंसिक टीम तैनात
फिलहाल पुलिस नंदिनी के शव के अवशेषों की तलाश में जुटी है। घटनास्थल पर फोरेंसिक एक्सपर्ट और खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है। पुलिस ने आरोपी सास और उसकी दोस्त को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
यह वारदात न सिर्फ रिश्तों को शर्मसार करती है, बल्कि समाज के सामने एक डरावना सवाल भी खड़ा करती है।
Author: Deepak Mittal









