कोलकाता: लियोनेल मेसी के कार्यक्रम में मचे भारी हंगामे के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है। खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वीकार कर लिया है। अब खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी खुद ममता बनर्जी संभालेंगी।
सूत्रों के मुताबिक, अरूप बिस्वास ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि मेसी के कोलकाता कार्यक्रम के दौरान हुई गड़बड़ियों की जांच चल रही है और इसी वजह से वे नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ना चाहते हैं।
इस्तीफे की जानकारी सामने आने के कुछ ही देर बाद तृणमूल कांग्रेस के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने सोशल मीडिया पोस्ट कर इस्तीफा स्वीकार किए जाने की बात कही, हालांकि इसकी आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार है।
मेसी कार्यक्रम बना सियासी संकट
पिछले दिनों कोलकाता में आयोजित लियोनेल मेसी के कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। स्टेडियम में नाराज फैंस ने बोतलें और कुर्सियां तक फेंक दीं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस घटना ने राज्य सरकार और प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
पुलिस ने पहले ही इस मामले में मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जो फिलहाल 14 दिन की पुलिस हिरासत में है। उस पर इवेंट में भारी मिसमैनेजमेंट के आरोप हैं।
अफसरों पर भी गिरी गाज
घटना के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने DGP राजीव कुमार, बिधाननगर के CP मुकेश कुमार और युवा मामले एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इसके अलावा, ड्यूटी में कथित लापरवाही को लेकर DCP अनीश सरकार (IPS) के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फैंस का फूटा गुस्सा
मेसी को देखने पहुंचे फैंस ने आयोजन को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उन्होंने 10 से 15 हजार रुपये तक की टिकट खरीदी, लेकिन मेसी की एक झलक तक नहीं मिली। फैंस का आरोप है कि आयोजकों के खास लोगों को ही मेसी के आसपास रखा गया, जबकि आम दर्शकों को दूर रखा गया।
मेसी के नाम पर हुए इस आयोजन ने न सिर्फ फैंस को नाराज किया, बल्कि राज्य की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री खुद खेल मंत्रालय संभालने के बाद आगे क्या कदम उठाती हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155727
Total views : 8176221