नई दिल्ली: गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड से भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया है। थाईलैंड में प्रत्यर्पण की सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को भारतीय एजेंसियों के हवाले कर दिया गया। CBI की टीम दोनों आरोपियों को लेकर फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है।
दिल्ली में होगी कोर्ट में पेशी
सूत्रों के मुताबिक, भारत पहुंचते ही लूथरा ब्रदर्स को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। इंटरपोल और थाईलैंड स्थित भारतीय उच्चायोग की मदद से यह कार्रवाई संभव हो सकी है। बैंकॉक एयरपोर्ट से दोनों आरोपियों का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्हें सुरक्षा घेरे में देखा जा सकता है।
6 दिसंबर को हुआ था भीषण हादसा
गौरतलब है कि 6 दिसंबर की रात गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित एक नाइट क्लब में भीषण आग लग गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 5 पर्यटकों समेत कुल 25 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के समय लूथरा ब्रदर्स दिल्ली में मौजूद थे और अग्निकांड के तुरंत बाद वे दिल्ली से थाईलैंड फरार हो गए थे।
जांच एजेंसियों की बड़ी सफलता
हादसे के बाद से ही CBI और अन्य जांच एजेंसियां आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। अब थाईलैंड से उनका प्रत्यर्पण होना इस मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है। जांच एजेंसियां उम्मीद कर रही हैं कि आरोपियों से पूछताछ के बाद अग्निकांड से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8219129
Total views : 8261728