बाप-बेटे ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया में यहूदियों पर किया आतंकी हमला, 15 की मौत; आरोपी की मां बोली— “मेरा बेटा बहुत अच्छा है”

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

सिडनी में हनुका कार्यक्रम के दौरान फायरिंग, पुलिस ने इसे आतंकवादी हमला घोषित किया

सिडनी/नई दिल्ली।: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में हनुका उत्सव के दौरान हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने इस जानलेवा गोलीबारी के पीछे एक पिता और बेटे को जिम्मेदार ठहराया है। इस हमले में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान साजिद अकरम (50) और उसके बेटे नवीद अकरम (24) के रूप में हुई है। साजिद अकरम को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया, जबकि नवीद अकरम गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस हमले में कोई तीसरा आतंकी शामिल नहीं था।

पुल से समुद्र तट की ओर की अंधाधुंध फायरिंग

न्यू साउथ वेल्स पुलिस कमिश्नर मैल लैन्योन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दोनों आतंकियों ने एक पुल से समुद्र तट की ओर यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर राइफलों से अंधाधुंध फायरिंग की। घटनास्थल के पास से दो विस्फोटक भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस ने इस घटना को ऑस्ट्रेलिया के इतिहास के सबसे घातक यहूदी-विरोधी आतंकी हमलों में से एक बताया है।

आतंकी की मां का बयान बना चर्चा का विषय

हमले के बाद आरोपी नवीद अकरम की मां वेरेना अकरम का बयान सामने आया है, जिसने इस मामले को और संवेदनशील बना दिया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा,
“मेरा बेटा बहुत अच्छा है। वह न शराब पीता है, न धूम्रपान करता है और न ही गलत संगत में रहता है।”
उन्होंने दावा किया कि हमले से कुछ घंटे पहले नवीद ने फोन कर बताया था कि वह अपने पिता के साथ मछली पकड़ने और स्कूबा डाइविंग पर गया है।

घर पर छापा, इलाके को किया गया सील

पुलिस ने सिडनी के बोनिरिग इलाके में आरोपियों के घर पर छापा मारकर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। छापे के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध भी किया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।

पाकिस्तान एंगल और आतंकी संगठनों की जांच

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले के पीछे पाकिस्तान एंगल और अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इजरायली अधिकारियों ने भी आशंका जताई है कि इस हमले के तार हिज्बुल्लाह, हमास या पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियां सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही हैं।

ऑस्ट्रेलिया सरकार ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए यहूदी समुदाय की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, जबकि पूरी दुनिया से इस आतंकी घटना पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment