मोबाइल शॉप में 25 लाख की चोरी, दीवार में छेद कर उड़ाए महंगे फोन और नकदी
अंबिकापुर में बढ़ रहा चोरी का आतंक, व्यापारी बोले- गश्त बढ़ाओ वरना दुकानें बंद करनी पड़ेंगी
अंबिकापुर। शहर में एक बार फिर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के गुदरी चौक स्थित गोलू मोबाइल शॉप में सोमवार देर रात शातिर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में बड़ा छेद कर अंदर प्रवेश किया और करीब 25 लाख रुपये के मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, चोरों ने बारीकी से योजना बनाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। दीवार तोड़ने के बाद उन्होंने शोरूम के कांच तोड़े और कैश काउंटर के साथ-साथ महंगे स्मार्टफोन भी समेट लिए। हैरानी की बात यह रही कि चोरी सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचकर की गई, जिससे पुलिस के लिए जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है।
सुबह जब दुकान मालिक पहुंचा तो घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने साइबर सेल और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी है। टीम ने दीवार में बने छेद से लेकर बाहर तक सुरागों की तलाश की।
यह चोरी शहर में महज कुछ ही दिनों में हुई दूसरी बड़ी वारदात है, जो कोतवाली थाना से कुछ ही दूरी पर अंजाम दी गई। लगातार हो रही घटनाओं से शहर के व्यापारियों में दहशत है। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 457 और 380 के तहत अपराध दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने कहा कि “सीसीटीवी फुटेज और लोकल मुखबिरों की मदद से चोर जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8166994
Total views : 8193877