रायगढ़। जिले से प्रकृति का एक अद्भुत और मनमोहक नज़ारा सामने आया है। शुक्रवार शाम 48 हाथियों का विशाल दल जंगल से निकलकर रायगढ़ के पोड़ी तालाब पहुंचा और वहां जमकर मस्ती और नहाने का आनंद लिया। इस नज़ारे को ग्रामीणों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि तालाब में बड़े हाथियों के साथ उनके छोटे शावक भी शामिल थे। कुछ हाथी अपनी सूंड़ से पानी भरकर एक-दूसरे पर फेंकते नजर आए, जबकि कुछ मस्ती में धक्का-मुक्की करते दिखे। यह दृश्य इतना आकर्षक था कि ग्रामीणों ने दूर से खड़े होकर देर तक इस प्राकृतिक खेल का आनंद लिया।
वन विभाग के मुताबिक, फिलहाल रायगढ़ और धरमजयगढ़ वनमंडल क्षेत्रों में लगभग 130 हाथी सक्रिय हैं। इनमें से धरमजयगढ़ क्षेत्र में 127 हाथी और रायगढ़ क्षेत्र में 3 हाथी मौजूद हैं। इनमें 40 नर, 53 मादा और 37 शावक शामिल हैं। सबसे अधिक हाथी छाल रेंज के बंगरसुता बीट में हैं, जहां अकेले 48 हाथियों का झुंड देखा गया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के झुंड के पास न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8219054
Total views : 8261633