पीएम मोदी ओडिशा दौरे पर देश को देंगे स्वदेशी 4जी प्रणाली की सौगात, BSNL के 97000 टॉवर शुरू करेंगे काम

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार यानी आज ओडिशा दौरे पर रहेंगे। यहां वह सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल की स्वदेशी 4जी प्रणाली का शुरुआत करेंगे। इसकी शुरुआत के साथ ही भारत दूरसंचार उपकरण बनाने वाले डेनमार्क, स्वीडन, दक्षिण कोरिया, चीन जैसे प्रमुख देशों में शामिल हो जाएगा।

प्रधानमंत्री के 4जी नेटवर्क का उद्घाटन करने के साथ देशभर में बीएसएनएल उपभोक्ताओं को हाईस्पीड इंटरनेट सेवा मिलने लगेगी। साथ ही इस दौरान पीएम मोदी अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, फिर 1700 करोड़ रुपये के रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही झारसुगुड़ा से पीएम मोदी आठ आईआईटी के विस्तार की घोषणा भी करेंगे और फिर बेरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और संबलपुर के वीआईएमएसएआर अस्पताल को सुपर-स्पेशलिटी दर्जा देंगे।

इससे पहले, दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी ओडिशा के झारसुगुड़ा से 97,500 से अधिक मोबाइल 4जी टॉवर का उद्घाटन करेंगे। दूरदराज क्षेत्रों में नेटवर्क पहुंचाने की परियोजना के तहत 14,180 मोबाइल 4जी टॉवर को डिजिटल भारत निधि के जरिये वित्त पोषित किया गया है। ये टॉवर सुदूर, सीमावर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 26,700 असंबद्ध गांवों को जोड़ेंगे। ये डिजिटल इंडिया के लिए एक रणनीतिक प्रवर्तक होंगे जो 20 लाख से अधिक नए ग्राहकों को सेवा प्रदान करेंगे।

भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की तरफ से स्थापित 92,600 से अधिक मोबाइल साइट स्वदेशी 4जी प्रौद्योगिकी पर आधारित हैं। सिंधिया खुद इसे पेश किए जाने के दौरान गुवाहाटी में मौजूद रहेंगे। सिंधिया ने बताया कि भारत विनिर्मित प्रणाली क्लाउड-आधारित, भविष्य के लिए तैयार है और इसे आसानी से 5जी में तब्दील किया जा सकता है। इसमें तेजस नेटवर्क की तरफ से विकसित रेडियो एक्सेस नेटवर्क (आरएएन) शामिल है। यह सी-डीओटी द्वारा तैयार एक कोर नेटवर्क है और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने इसे एकीकृत किया है।

पीएम मोदी करेंगे ‘नमो युवा समागम’ को संबोधित
इस दौरान पीएम मोदी झारसुगुड़ा के एमलिपाली ग्राउंड में ‘नमो युवा समागम’ को संबोधित करेंगे। वे सुबह 11:25 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और लगभग 12:45 बजे ओडिशा से रवाना होंगे। इस मौके पर वे गुजरात के उधना से बेरहामपुर तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही संबलपुर में 273 करोड़ रुपये की लागत से बने पांच किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। वे राष्ट्रीय कौशल विकास कार्यक्रम शुरू करेंगे और अंत्योदय योजना के तहत 50,000 लाभार्थियों को सहायता प्रदान करेंगे।

15 महीनों में ओडिशा का छठा दौरा
यह पीएम मोदी का पिछले 15 महीनों में ओडिशा का छठा दौरा होगा। कि पहले उनका सार्वजनिक सभा बेरहामपुर में होना था, लेकिन भारी बारिश की संभावना के कारण इसे झारसुगुड़ा में स्थानांतरित कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार झारसुगुड़ा में गरज और तेज हवा चलने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा के पूर्ण इंतजाम किए गए हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *