मुंगेली में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के तहत मेगा स्वास्थ्य शिविर: 7 हजार महिलाओं की जांच और सम्मान समारोह

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 

निर्मल अग्रवाल ब्यूरो चीफ मुंगेली 8959931111

मुंगेली, 23 सितम्बर 2025:महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार के “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत जिला मुख्यालय में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 7 हजार से अधिक महिलाओं का पंजीयन और स्वास्थ्य जांच हुई। शिविर में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक पुन्नूलाल मोहले शामिल हुए, जहां महिला समूहों को चेक प्रदान किए गए और लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया।

केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे इस देशव्यापी अभियान का समापन गांधी जयंती पर होगा। कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित इस शिविर में रायपुर और बिलासपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिलाओं को स्वास्थ्य जांच और परामर्श प्रदान किया।

शिविर में उपस्थित केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने स्टालों का अवलोकन किया तथा चिकित्सकों और मरीजों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है, और राज्य सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने जोर दिया कि जब नारी स्वस्थ होगी, तो पूरा परिवार सशक्त होगा, तथा महतारी सदन का लोकार्पण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री साव ने 10 महिला स्व-सहायता समूहों को चक्रीय निधि के तहत 15-15 हजार रुपये और सामुदायिक निवेश कोष के तहत 10 समूहों को 60-60 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। साथ ही, 6 उत्कृष्ट महिला समूहों और 10 लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 2 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, और इस शिविर का आयोजन उसी क्रम में किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, शिविर में 1500 से अधिक मितानिनों, 2500 से अधिक स्वच्छता दीदियों, 3000 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, समूह सदस्यों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

शिविर में हृदय रोग, मस्तिष्क रोग, कैंसर, स्त्री रोग, शिशु रोग, चर्म रोग, मनोरोग, जनरल सर्जरी, नाक-कान-गला रोग, नेत्र रोग, मेडिसिन, पेट एवं पाचन तंत्र संबंधित रोग, दंत रोग, शीतल सेल, टीबी, कुष्ठ रोग आदि बीमारियों के लिए प्रारंभिक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध थी।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, गणमान्य नागरिक दीनानाथ केशरवानी, जनपद पंचायत लोरमी अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *