रायपुर, 12 सितम्बर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जीएसटी पर मिली राहत की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम आदमी को कर के बोझ से राहत देना और छोटे-बड़े व्यापारियों के लिए कारोबार को और सरल बनाना है।
सीएम साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार के विजन के अनुरूप जीएसटी परिषद ने व्यापक सुधार पैकेज को मंजूरी दी है। इन सुधारों से आम आदमी, किसानों, एमएसएमई, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्गीय परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
दो स्लैब संरचना और दर कटौती
जीएसटी परिषद ने सरलीकृत दो-स्लैब संरचना (5% और 18%) लागू करने का निर्णय लिया है। साथ ही श्रम-केंद्रित उद्योगों, कृषि, स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों में दर कटौती की गई है।
सीएम साय ने कहा कि यह निर्णय जीएसटी को सरल, निष्पक्ष और विकास-उन्मुख बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। नई दरें और छूट 22 सितम्बर 2025 से लागू होंगी, जिससे आम जनता और व्यापारियों को समय पर राहत मिलेगी।
अपवाद रहेंगे तंबाकू उत्पाद
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केवल कुछ उत्पाद जैसे सिगरेट, जर्दा, अनिर्मित तंबाकू और बीड़ी पर वर्तमान दरें ही लागू रहेंगी। इन पर नई दरें बाद में लागू होंगी, जो मुआवजा उपकर से संबंधित ऋण और ब्याज देनदारियों के निपटान पर आधारित होंगी।
सीएम साय ने कहा कि यह सुधार पैकेज वास्तव में जनता के लिए “दिवाली का तोहफा” है, जो भारत की दीर्घकालिक वृद्धि को मजबूती देगा।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8219214
Total views : 8261825