रायपुर, 12 सितम्बर 2025 – उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़क निर्माण परियोजनाओं के लिए आवश्यक भू-अर्जन की कार्यवाहियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने जिला कलेक्टरों के साथ समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। साव ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और तय समय-सीमा में पूरा करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित सेतु बंध एवं विभिन्न परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंता मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को फील्ड में सक्रियता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त परियोजनाओं में भू-अर्जन और निविदा की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर जल्द से जल्द कार्यारंभ सुनिश्चित किया जाए।
साव ने डीपीआर तैयार करने के दौरान ही परियोजनाओं का सटीक मूल्यांकन करने पर जोर दिया, ताकि बाद में बजट पुनरीक्षण और समय-सीमा बढ़ाने की नौबत न आए।
उन्होंने बरसात के तुरंत बाद प्रदेशभर में सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर शुरू करने और दिसम्बर तक सभी जिलों में यह कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग और एडीबी से जुड़ी अधूरी परियोजनाओं की भी प्रगति की समीक्षा की गई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अगली समीक्षा बैठक से पहले सभी मुख्य अभियंता भू-अर्जन, प्राक्कलन, निविदा, कार्य अनुबंध और कार्यादेश से संबंधित सभी कार्यवाहियां पूरी कर लें।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8219214
Total views : 8261825