रायपुर। राजधानी रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र स्थित एक होटल में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना आमानाका थाना क्षेत्र के होटल सेंट्रल की है, जहां होटल के पहले मंजिल पर युवक की लाश पंखे से रस्सी के सहारे लटकी हुई मिली।
मृतक की पहचान उमेश पिता गेंदलाल, निवासी बालोद के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उमेश ने 30 जून दोपहर 12 बजे होटल में कमरा बुक किया था। शाम करीब 7 बजे वह एक बार कमरे से बाहर निकला और फिर वापस अंदर चला गया। इसके बाद वह दो दिन तक बाहर नहीं आया, जिससे होटल स्टाफ को शक हुआ।
दरवाजा टूटा तो हुआ खुलासा
होटल कर्मचारियों ने जब युवक की गतिविधियों में असामान्यता देखी तो आमानाका थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी सुनील दास मौके पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे। जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर युवक की लाश पंखे से झूलती मिली।
मौके से मिला सुसाइड नोट और बियर की बोतलें
पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें युवक ने लिखा है कि वह मानसिक रूप से परेशान था और उसकी आत्महत्या के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। इसके अलावा कमरे में कुछ बियर की बोतलें भी मिली हैं। पुलिस का मानना है कि युवक ने यह कदम सोच-समझकर उठाया, क्योंकि वह रस्सी भी अपने साथ लेकर आया था।
पुलिस कर रही जांच, परिवार से पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना देकर पूछताछ की जा रही है। सुसाइड नोट और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य की गंभीरता और समय रहते मदद की ज़रूरत को उजागर करती है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8219325
Total views : 8261972