बलरामपुर जिले के मदनपुर में घरेलू विवाद को लेकर पति-पत्नी आपस में भिड़ गए। विवाद के बाद दोनों ने एक-दूसरे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगाने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को गंभीर अवस्था में CHC वाड्रफनगर में दाखिल किया गया है। पति-पत्नी दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, वाड्रफनगर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम मदनपुर निवासी मो. शमशाद (40) का अपनी पत्नी जुलेखा बेगम (36) से गुरूवार शाम विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों घर से बाहर निकलकर सड़क पर लड़ने लगे। इस दौरान घर में जरकिन में रखे पेट्रोल निकालकर दोनों ने एक-दूसरे पर डाल दिया। मो. शमशाद ने जैसे ही माचिस जलाई, दोनों आग की लपटों से घिर गए।
दोनों को आग की लपटों में घिरा देख आसपास के लोगों एवं परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई। हादसे में मो. शमशाद करीब 80 फीसदी से अधिक झुलस गया है। पत्नी जुलेखा बेगम भी करीब 60 प्रतिशत से अधिक झुलस गई है। परिजनों एवं ग्रामीणों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में दाखिल कराया।
CHC वाड्रफनगर में दोनों का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि मो. शमशाद के शरीर का अधिकांश हिस्सा झुलस गया है, जिसके चलते उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं जुलेखा बेगम भी काफी झुलस गई है। दोनों को अंबिकापुर उपचार के लिए रेफर किया जा रहा है।

Author: Deepak Mittal
