बिलासपुर को नाइट लैंडिंग की प्रतीक्षा: व्यापारियों ने जताई चिंता, सरकार से की मांग

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 

जे के मिश्र / बिलासपुर। शहर और आसपास के इलाकों के व्यापारी वर्ग लंबे समय से नाइट लैंडिंग सुविधा का इंतजार कर रहे हैं। बिलासपुर का व्यवसाय और थोक व्यापार महानगरों पर निर्भर है, लेकिन सड़क और ट्रेन मार्ग से आने-जाने में अधिक समय लगता है, जिससे व्यापारिक कार्यों में देरी होती है। ऐसे में हवाई सेवा को विस्तार देना और नाइट लैंडिंग की सुविधा शुरू करना व्यापार को गति देने के लिए बेहद आवश्यक है।

केंद्र और राज्य में एक ही सरकार, फिर भी देरी क्यों?
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष नवदीप सिंह अरोरा का कहना है कि शहर और क्षेत्र के विकास के लिए परिवहन सेवाओं को भी उन्नत करना जरूरी है। एयरपोर्ट की शुरुआत तो हो गई है, लेकिन बड़े शहरों से नियमित हवाई सेवा शुरू करने में कई समस्याएं आईं। अब तक देश के अन्य हिस्सों से बिलासपुर की नियमित कनेक्टिविटी अधूरी है। नाइट लैंडिंग की सुविधा न होने से बाहर से आने वाले लोग यहां आने में हिचकिचाते हैं। बड़े आयोजन या व्यापारिक मीटिंग्स के लिए बाहर से लोगों को बुलाना मुश्किल हो जाता है। केंद्र और राज्य दोनों में एक ही सरकार होने के बावजूद नाइट लैंडिंग की सुविधा का न होना समझ से परे है।

नियमित हवाई सेवा की आवश्यकता
बसंत साड़ी सेंटर के संचालक सौमित्र गुप्ता का कहना है कि एयरपोर्ट के लिए लंबे संघर्ष के बाद इसे हासिल किया गया, लेकिन अब नाइट लैंडिंग की सुविधा न होने के कारण शहर को नियमित हवाई सेवा नहीं मिल पा रही है। व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने के लिए हवाई सेवा अनिवार्य हो गई है। सरकार और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या को समझकर जल्द ही इसका समाधान निकालना चाहिए।

काम में तेजी की मांग
छत्तीसगढ़ टेंट ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ ने कहा कि कुछ फ्लाइट शुरू की गई हैं, लेकिन रेगुलर फ्लाइट शुरू करने के लिए नाइट लैंडिंग की सुविधा अनिवार्य है। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है, लेकिन काम में तेजी की आवश्यकता है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को इस दिशा में गंभीरता से प्रयास करना चाहिए ताकि शहर के विकास को गति मिल सके।

व्यापारियों की बढ़ती निराशा
शहर के व्यापारियों ने हवाई सेवा में देरी के चलते निराशा व्यक्त की है। उनका मानना है कि अगर नाइट लैंडिंग की सुविधा जल्द शुरू नहीं की गई, तो शहर का विकास रुक जाएगा और लोग हवाई यात्रा की सुविधा से वंचित रहेंगे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment