
मुंगेली : निर्मल अग्रवाल: जिला कलेक्टर राहुल देव द्वारा जिले में गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश के तहत जिला पंचायत के सीईओ प्रभाकर पांडेय ने पथरिया विकासखंड में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया।
छिंदभोग से सकेरी सड़क की खुदाई कर उसकी मोटाई और बोल्डर मुरूम की लेयर की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान सड़क की गुणवत्ता खराब पाई गई।
जिससे नाराज होकर सीईओ पांडेय ने संबंधित सब इंजीनियर को फटकार लगाई और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कलेक्टर को जांच प्रतिवेदन सौंपा।
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले में निर्माणाधीन कुल 14 सड़कों की गुणवत्ता की जांच के लिए पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता की अध्यक्षता में एक तकनीकी टीम गठित की गई है।

यह टीम 07 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। यदि गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो ठेकेदारों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान पांडेय के साथ संयुक्त कलेक्टर गिरधारी लाल यादव, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के बाद जिला प्रशासन ने सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है ताकि ग्रामीण इलाकों में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8239094
Total views : 8287221