अखिल रेल नाट्य उत्सव में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मुख्यालय में क्षेत्रीय रेल हिंदी नाट्योत्सव -2024 संपन्न

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बिलासपुर ।रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली के निदेशानुसार अखिल रेल नाट्य उत्सव में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रधान कार्यालय, राजभाषा विभाग के तत्त्वावधान में आज दिनांक 29.07.2024 को रेलवे एन.ई. इंस्टिट्यूट, प्रेक्षागृह, बिलासपुर में क्षेत्रीय रेल हिंदी नाट्योत्सव – 2024 का आयोजन किया गया।

नाटक मंचन हेतु प्रविष्टियां रेल मंडलों एवं कारखानों से मंगवाई गई थी । इस क्रम में प्रधान कार्यालय के नाटक “आषाढ़ का एक दिन”, बिलासपुर मंड़ल के नाटक “सत्य हरिश्चंद्र” और रायपुर मंडल के नाटक “मुर्गीवाला” ने अपने नाटक की प्रस्तुति दी ।

क्षेत्रीय रेल हिंदी नाट्योत्सव -2024 के मुख्य अतिथि शिवशंकर लकड़ा, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक, द.पू.म.रेलवे, बिलासपुर थे । इस प्रतियोगिता में निर्णायकद्वय के रूप में बिलासपुर शहर के वरिष्ठ साहित्यकार एवं बिलासा कला मंच के संस्थापक, डॉ सोमनाथ यादव तथा छत्तीसगढ़ साहित्यकार परिषद के सचिव, महेश श्रीवास उपस्थित रहे ।

इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के उप महाप्रबंधक (सामान्य), समीर कांत माथुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे । कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं निर्णायकद्वय के करकमलों से दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर हुआ ।

सर्वप्रथम प्रधान कार्यालय के नाटक दल द्वारा नाटक – “आषाढ़ का एक दिन” का मंचन किया गया । इस नाटक की कथावस्तु संस्कृत के प्रसिद्ध कवि नाटककार कालिदास की कहानी पर आधारित है । मल्लिका और कालिदास के प्रेम को आधार बनाकर नाटककार मोहन राकेश द्वारा यथार्थ और भावना के द्वंद्व को दिखाया गया है । दूसरा नाटक “मुर्गीवाला” रायपुर मंडल द्वारा प्रस्तुत किया गया । लेखक प्रेम साईमन का यह नाटक आम आदमी के दैनिक जीवन संघर्षों की कहानी बयां करता है और दमन, शोषण और अन्याय के विरूद्ध लोगों को संघर्षशील व संगठित होने का आह्वान करता है ।

तीसरा नाटक “सत्य हरिश्चंद्र” बिलासपुर मंडल के नाट्य दल द्वारा प्रस्तुत किया गया । आधुनिक हिंदी नाटक के जनक भारतेन्दु हरिश्चन्द्र द्वारा रचित इस नाटक में दिखाया गया कि सत्य के पथ पर चलने वाले व्यक्ति को कितना कष्ट उठाना पडता है । इस नाटक के जरिए भारतीय संस्कृति में सत्य और धर्म के मायनों पर भी प्रकाश डाला गया ।

इस अवसर पर प्रेक्षागृह में उपस्थित दर्शकों ने नाटक मंचन का भरपूर आनंद लिया और तालियों की गडगडाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया । क्षेत्रीय रेल हिंदी नाट्योत्सव – 2024 में प्रथम स्थान प्रधान कार्यालय, बिलासपुर द्वारा प्रस्तुत नाटक “आषाढ़ का एक दिन”, द्वितीय स्थान रायपुर मंडल के नाटक “मुर्गीवाला” तथा तृतीय स्थान बिलासपुर मंड़ल के नाटक “सत्य हरिश्चंद्र” ने प्राप्त किया । कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार तिवारी, वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ सामग्री प्रबंधक-। ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन पीताम्बर लाल जाटवर, वरिष्ठ अनुवादक ने किया । राजभाषा विभाग, मुख्यालय के राजभाषा कर्मियों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया ।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

August 2026
S M T W T F S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  

Leave a Comment