स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रत्येक ग्रामों में हो कचरा कलेक्शन – कलेक्टर

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली नवभारत टाइम्स 24×7.in

मुंगेली –कलेक्टर श्री राहुल देव ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों को ओडीएफ मॉडल की ओर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा प्रत्येक गांव में कार्ययोजना बनाकर कचरा कलेक्शन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षक वाले स्कूलों में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

उन्होंने जिले में संचालित शाला भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की तथा जर्जर शाला भवनों के तत्काल मरम्मत एवं ऐसे भवनों में कक्षाएं संचालित नहीं करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यपालन अभियंता को शाला भवनों के मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर प्रतिवेदन देने भी कहा ताकि निर्माण कार्यों में पूर्ण गुणवत्ता सुनिश्चित किया जा सके।


विद्युत विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री देव ने कहा कि झूलते एवं खुले तारों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, इसलिए  संबंधित अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण कर इसे तत्काल ठीक करें। कलेक्टर ने जिले में जर्जर सड़कों की जानकारी लेते हुए शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता से जल जीवन मिशन से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा टंकियों की पर्याप्त साफ-सफाई करवाने के लिए कहा, ताकि डायरिया फैलने की आशंका न रहे। उन्होंने एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों को बारिश में जल भराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करने एवं अतिक्रमण रोकने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।


कलेक्टर श्री देव ने शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे ने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत जिले में जिले में 08 लाख 11 हजार 641 कार्ड बनाने का लक्ष्य था और अब तक 6 लाख 73 हजार से अधिक कार्ड बनाए जा चुके हैं।

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग से समन्वय करते हुए शतप्रतिशत लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन खाता, पीएम आवास योजना, उल्लास योजना, मनरेगा तथा पीएम विश्वकर्मा आदि योजनाओं की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने जनदर्शन के लंबित प्रकरणों, कॉल सेंटर से प्राप्त आवेदनों, कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत आवेदनों, राजस्व के लंबित प्रकरणों तथा पेंशन प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उक्त प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री संजय यादव, अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पांडेय, संयुक्त कलेक्टर श्री अजीत पुजारी, मुंगेली एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल, लोरमी एसडीएम श्री गिरधारी लाल यादव, पथरिया एसडीएम श्री बी. आर. ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्री अजय शतरंज सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

November 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *