सकरी के अटल आवास में फैला डायरिया, निगम ने चलाया सघन बचाव अभियान
नवभारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:
बिलासपुर। नगर निगम सीमा क्षेत्र के सकरी स्थित अटल आवास में डायरिया के फैलने की सूचना मिलते ही निगम कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सघन बचाव और रोकथाम अभियान शुरू कर दिया है।
प्रभावित क्षेत्र में जल विभाग, स्वास्थ्य और जोन कार्यालय की पूरी टीम को तैनात कर दिया गया है। ये टीम प्रत्येक घर में जाकर सर्वे कर रही है और क्लोरो सेफ लिक्विड का वितरण कर रही है। साथ ही सफाई के कार्य को भी निरंतर जारी रखा गया है। प्रभावित क्षेत्र के पानी का सैंपल लेकर उसे जांच के लिए लैब भेजा गया है।
निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरे क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया जाए, साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, क्लोरिन टेबलेट का वितरण किया जाए, और घर-घर जाकर किसी के बीमार होने का पता लगाया जाए। पाइप लाइन की लगातार निगरानी की भी व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी प्रकार का लीकेज ना हो।
नगर निगम द्वारा आवास परिसर में क्लोरिन लिक्विड और जिंक टेबलेट का वितरण किया जा रहा है। टीम द्वारा घर-घर जाकर लोगों को पानी उबालकर पीने, क्लोरिन मिलाकर 20 मिनट बाद पानी पीने तथा समय-समय पर ओआरएस का घोल लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
सकरी स्थित अटल आवास में साफ-सफाई का कार्य भी निरंतर जारी है। सड़क, नाली और घरों के आस-पास विशेष सफाई की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार का संक्रमण ना फैले। पूरे क्षेत्र को सेनेटाइज करने के लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। वहीं, आवास की पानी टंकी की भी सफाई की गई है।
Author: Deepak Mittal












Total Users : 8168695
Total views : 8196424