रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा वर्ष 2027 की समय-सारणी जारी कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी।
मंडल द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होंगी। परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना होगा। सुबह 9:05 बजे उत्तर पुस्तिका और 9:10 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को सुबह 9:15 बजे से उत्तर लिखने का समय मिलेगा।
यहाँ देखे टाइम टेबल 👇👇👇👇
10वीं की परीक्षा का कार्यक्रम
कक्षा 10वीं की परीक्षा 13 मार्च को तृतीय भाषा के विषयों से शुरू होगी। इसके बाद 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 20 मार्च को विज्ञान, 25 मार्च को हिंदी, 30 मार्च को गणित, 1 अप्रैल को व्यावसायिक पाठ्यक्रम और 5 अप्रैल को संगीत एवं ड्राइंग-पेंटिंग की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
12वीं की परीक्षा का कार्यक्रम
कक्षा 12वीं की परीक्षा 12 मार्च को हिंदी विषय से शुरू होगी। 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र एवं अन्य विषय, 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान एवं अर्थशास्त्र, 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित एवं अन्य विषय, 31 मार्च को अंग्रेजी, 3 अप्रैल को इतिहास एवं व्यवसाय अध्ययन, 5 अप्रैल को भूगोल एवं भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को व्यावसायिक विषयों, 7 अप्रैल को भाषा विषयों तथा 8 अप्रैल को मनोविज्ञान की परीक्षा होगी।
मंडल ने परीक्षार्थियों को समय-सारणी का भली-भांति अध्ययन करने और परीक्षा की तैयारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करने की सलाह दी है। साथ ही मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा तिथि एवं समय में बिना पूर्व सूचना के परिवर्तन किया जा सकता है।
विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और अंतिम समय की तैयारी के बजाय अभी से नियमित अध्ययन शुरू करें।
Author: Deepak Mittal








