रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ छापेमारी की। विभाग की अलग-अलग टीमों ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में कई ठिकानों पर दबिश दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कर चोरी की सूचना के आधार पर की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के लिए आयकर विभाग ने 16 अलग-अलग टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने बुधवार तड़के एक साथ विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। अधिकारी संबंधित प्रतिष्ठानों और कारोबारियों के ठिकानों पर पहुंचकर टैक्स से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहे हैं।
रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के कार्यालय आयकर विभाग के निशाने पर हैं। इसके अलावा संबंधित कंपनियों के मालिकों के आवास और उद्योग परिसरों में भी छापेमारी की गई है। रायगढ़ इस्पात के मालिक श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के घरों के साथ ही उनके कार्यालयों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर भी विभाग की टीमों ने दबिश दी है।
जानकारी के मुताबिक, सभी ठिकानों पर सुबह करीब 5 बजे से एक साथ कार्रवाई जारी है। फिलहाल आयकर विभाग की टीमें दस्तावेजों की जांच में जुटी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित कर अनियमितताओं का खुलासा हो सकेगा।
Author: Deepak Mittal









