छत्तीसगढ़ के 68 युवा हुए यूनिटी मार्च के लिए रवाना! CM विष्णुदेव साय ने दिखाई हरी झंडी—स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक करेंगे राष्ट्रीय पदयात्रा
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर करमसद से केवड़िया तक ऐतिहासिक यात्रा, युवा ले जाएंगे ‘अखंड भारत’ का संदेश
CM विष्णुदेव साय ने यूनिटी मार्च के लिए राज्य के 68 युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रायपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय पदयात्रा के लिए छत्तीसगढ़ से चयनित 68 युवाओं का दल आज विशेष उत्साह के साथ रवाना हुआ। रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हरी झंडी दिखाकर युवाओं को गुजरात के लिए रवाना किया। यह दल सरदार पटेल की कर्मभूमि करमसद से केवड़िया तक होने वाली ऐतिहासिक पदयात्रा में हिस्सा लेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 562 रियासतों को जोड़कर अखंड भारत का निर्माण किया, जो किसी भी राष्ट्र के इतिहास में अद्वितीय योगदान है। उन्होंने कहा कि पटेल की इच्छाशक्ति, संकल्प और नेतृत्व ने आधुनिक भारत की नींव को मजबूत किया। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हाल ही में वे केवड़िया में आयोजित भारत पर्व में शामिल हुए थे, जहाँ उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन किए और भारत की सांस्कृतिक एकता की भव्य झलक देखी। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोककला और व्यंजनों का भी शानदार प्रदर्शन किया गया था।
26 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा यूनिटी मार्च
मुख्यमंत्री साय ने युवाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक होने वाले यूनिटी मार्च में देशभर से युवा और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं की इस भागीदारी पर पूरा राज्य गर्व महसूस कर रहा है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के निर्माण में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने रियासतों के विलय का कठिन परंतु ऐतिहासिक निर्णय लिया, जिसने देश की मजबूत नींव रखी। उन्होंने सभी चयनित युवाओं को इस राष्ट्रीय पदयात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं।
जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और पदयात्रा को प्रेरणादायक और अविस्मरणीय अनुभव बताया।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8188790
Total views : 8223204