कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना अमांपुर थाना क्षेत्र के एटा रोड स्थित एक मकान की है।
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय वेल्डिंग मिस्त्री सत्यवीर उर्फ श्यामवीर, उनकी पत्नी रामश्री (46), बेटियां प्राची (14) और आकांक्षा (12) तथा पुत्र गिरीश (10) के रूप में हुई है।
अंदर से बंद था घर
पुलिस के अनुसार, मकान का दरवाजा अंदर से बंद था और मौके पर जबरन प्रवेश के कोई साक्ष्य नहीं मिले। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया।
अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। सत्यवीर का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे में बिस्तर पर रजाई के नीचे पड़े मिले।
2-3 दिन से नहीं दिखा था परिवार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार पिछले दो-तीन दिनों से घर से बाहर नहीं निकला था। पड़ोसियों को संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल, पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8159128
Total views : 8181728