बीजापुर: नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना फरसेगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नीलमड़गु की ओर सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन के दौरान जवानों ने माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए 17 आईईडी बरामद किए।
बीयर बॉटल और प्रेशर कुकर IED मिले
अभियान के दौरान 16 बीयर बॉटल आईईडी और एक 5 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया गया। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल (BDD) टीम ने मौके पर ही डिमाइनिंग प्रक्रिया अपनाते हुए सभी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
जमीन में छिपाकर रखा गया था विस्फोटक सामान
सर्चिंग के दौरान जवानों को जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम में छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री भी मिली। जब्त सामान में रस्सी, फ्लेक्सिबल वायर, मल्टीमीटर, आयरन सोल्डरिंग रॉड, वायर कटर, एम-सील, 1.5 वोल्ट AAA पेंसिल बैटरी, डीसी मोटर, माओवादी वर्दी, मैगजीन पाउच, दवाइयां, माओवादी साहित्य और पाम्फलेट शामिल हैं।
बड़े हमले की थी आशंका
सुरक्षाबलों का मानना है कि नक्सली किसी बड़े हमले की साजिश रच रहे थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। इलाके में सर्चिंग अभियान जारी है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा है और माओवादियों की गतिविधियों पर बड़ा झटका माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8243769
Total views : 8292831