मुंगेली: “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने सूखे नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नगर पंचायत जरहागांव का एक पार्षद भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान लोकेश उर्फ लक्की कश्यप के रूप में हुई है, जो जरहागांव नगर पंचायत से पार्षद है। कार्रवाई मुंगेली पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में 1 मार्च को थाना जरहागांव क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।
शमशान घाट के पास घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जरहागांव के कुछ युवक शमशान घाट के पास अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए एकत्रित हुए हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और थाना जरहागांव की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड की।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर अलग-अलग पारदर्शी जिपर पॉलिथीन में बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2.65 लाख रुपये बताई गई है।
मोबाइल, बाइक और तौल मशीन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन (करीब 50 हजार रुपये), एक होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 28 P 1199, अनुमानित कीमत 65 हजार रुपये) और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (लगभग 1 हजार रुपये) भी जब्त की है।
कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 3.81 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8200519
Total views : 8238546