रायपुर: नवा रायपुर को देश के प्रमुख हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर और नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) के बीच 15 एकड़ भूमि के लीज एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत नवा रायपुर में 300 बिस्तरों का अत्याधुनिक मल्टी सुपर-स्पेशलिटी बॉम्बे हॉस्पिटल स्थापित किया जाएगा।
नवा रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आबंटित 15 एकड़ भूमि पर बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट लगभग 680 करोड़ रुपये की लागत से यह अस्पताल विकसित करेगा। यह बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट का देश में चौथा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल होगा। इससे पहले ट्रस्ट के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल मुंबई, इंदौर और जयपुर में सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। यह परियोजना नवा रायपुर में प्रस्तावित मेडिसिटी के विकास को नई गति देगी।
राज्य सरकार ने 24 सितंबर 2025 को निवेश आमंत्रण जारी किया था, जिसके बाद महज चार माह के भीतर भूमि चिन्हांकन, आवश्यक स्वीकृतियां और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसे छत्तीसगढ़ की तेज़ और भरोसेमंद प्रशासनिक कार्यप्रणाली का उदाहरण माना जा रहा है।
प्रस्तावित बॉम्बे हॉस्पिटल में कार्डियक साइंसेज, कैंसर उपचार, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, क्रिटिकल केयर, ऑर्गन ट्रांसप्लांट सहित कई उन्नत और अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके शुरू होने से छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मुंबई या दिल्ली जैसे महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इस परियोजना से 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है, जिनमें डॉक्टर, सर्जन, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और मेडिकल टेक्नीशियन शामिल होंगे। इसके अलावा हेल्थकेयर सप्लाई चेन और सहयोगी क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल की स्थापना से नवा रायपुर में मेडिसिटी का सपना साकार होने की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाया गया है। इससे प्रदेशवासियों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के निरंतर विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का नवा रायपुर में निवेश करना राज्य की नीतिगत स्थिरता, तेज़ निर्णय क्षमता और निवेशक-अनुकूल वातावरण पर विश्वास का प्रतीक है। यह परियोजना छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के तहत स्वास्थ्य जैसे रणनीतिक क्षेत्रों को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों और समयबद्ध क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष परिणाम मानी जा रही है। इससे नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया के प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164949
Total views : 8190747