अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री की घटना, हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
रायपुर। राजधानी रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केंद्री में पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। मृतक की पहचान डोमार साहू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पुत्र डोमेश साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इस बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान आवेश में आकर बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी ने अपने पिता की मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पुत्र डोमेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Author: Deepak Mittal









