गाजियाबाद: गाजियाबाद में बेसिक शिक्षा मंत्री के करीबी बनकर तीन लोग मंगलवार को फैक्टरी संचालक को टेंडर दिलवाने डीएम के पास पहुंच गए। जालसाजों की बात सुनकर डीएम ने मंत्री को सीधे फोन मिलाया तो आरोपियों की पोल खुल गई। इसके बाद डीएम ने तीनों को अपने कार्यालय के बाहर से ही पकड़वा दिया। कविनगर पुलिस ने बुधवार को फैक्टरी संचालक की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
संजयनगर सेक्टर-23 में रहने वाले संतोष कुमार सिंह की मसूरी क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल्स बनाने की फैक्टरी है। उन्होंने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि नौ जनवरी को जौनपुर के गांव जनौर निवासी कुंवर ज्योतिरादित्य उनके पास आया और खुद को उनके एक रिश्तेदार का जानकार बताया। उसके साथ थाना ग्वाल, कानपुर के ग्लास टोली निवासी सूरज वर्मा और गौर सिटी-दो ग्रेटर नोएडा के 14 एवेन्यू टावर निवासी दिनेश कुमार मौर्या भी थे।
Author: Deepak Mittal








