रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिल्ली में हलचल तेज हो गई है।CM विष्णुदेव साय, डिप्टी CM और प्रदेश अध्यक्ष बैठक के लिए दिल्ली गए हैं। महामंत्री पवन साय भी बैठक में शामिल होंगे। गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ दौरे के समय भी संगठन के नेताओं से बंद कमरे में चर्चा की थी। पहले पंचायत और निकाय चुनाव के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा हो रही थी, लेकिन दोनों चुनाव आगे बढ़ने से अब मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा फिर से तेज हो गई है।
छत्तीसगढ़ में अभी और दो कैबिनेट मंत्री बनाए जा सकते हैं। जिसके लिए आधा दर्जन दावेदार सामने हैं। इसमें किरण सिंह देव, गजेंद्र यादव, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत और अजय चंद्राकर के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं। मंत्रियों में एक नया और एक पुराना चेहरा शामिल किया जा सकता है। नए चेहरों में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव की दावेदारी है। वहीं अनुभव के लिहाज से अमर अग्रवाल के नाम की चर्चा है। जातिगत समीकरणों के आधार पर अजय चंद्राकर का दावा भी बेहद मजबूत है। रायपुर से राजेश मूणत और सुनील सोनी भी बड़े दावेदार नजर आ रहे हैं।
बैठक के दौरान मौजूदा मंत्रियों के एक साल के परफॉर्मेंस की भी समीक्षा हो सकती है। सरकार और संगठन ने मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया है। इसमें कमजोर प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों की कुर्सी खतरे में पड़ सकती है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने हालांकि इस पर साफ-साफ कुछ नहीं कहा है।

Author: Deepak Mittal










Total Users : 8183829
Total views : 8216455