रायपुर: राजधानी रायपुर में नशे का फैलता नेटवर्क एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर सूखा नशा और सिंथेटिक ड्रग्स का सेवन करते युवकों का वीडियो वायरल होने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। वीडियो में कुछ युवक मोबाइल फोन की मदद से ड्रग्स की लाइन बनाकर उसका सेवन करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर नशे के बढ़ते चलन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में कृष्णकांत साहू नामक युवक कथित तौर पर ड्रग्स लेते नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान सामने नहीं आया है।
कमिश्नरी सिस्टम के बावजूद चुनौती बरकरार
राजधानी में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शहर को पश्चिमी, मध्य और उत्तरी जोन में बांटा गया है। तीनों जोनों में 3 डीसीपी, 3 एडीसीपी और 3 एसीपी की नियुक्ति की गई है। इसके बावजूद नशे के खिलाफ लड़ाई अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।
रायपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। शहर के 21 थाना क्षेत्रों में से प्रतिदिन 2 से 3 थानों में नशे के कारोबार का खुलासा किया जा रहा है। गांजा, ब्राउन शुगर और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। बावजूद इसके, जमीनी स्तर पर नशे का नेटवर्क पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है।
कोतवाली क्षेत्र पर उठ रहे सवाल
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में पहले से ही अवैध गतिविधियों को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर के नशे के कारोबार से जुड़े होने की भी बातें सामने आती रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इसी क्षेत्र से ड्रग्स सेवन का वीडियो सामने आना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
वीडियो वायरल होने के बावजूद थाना प्रभारी की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान नहीं आने से आम जनता के बीच कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
एसआई लाइन अटैच
इसी बीच कोतवाली थाने में पदस्थ एसआई प्रवीण कुमार प्रधान को लाइन अटैच कर दिया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा निरीक्षण के दौरान कार्य में गंभीर खामियां पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच करने के निर्देश दिए गए।
युवाओं का भविष्य चिंता का विषय
राजधानी में नशे की पार्टियों और सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते चलन ने अभिभावकों और समाज के सामने नई चिंता खड़ी कर दी है। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद नशे के सौदागर और उपभोक्ता बेखौफ नजर आ रहे हैं।
फिलहाल, वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि राजधानी में नशे के नेटवर्क पर पूरी तरह लगाम कब लगेगी। अब सबकी नजर पुलिस और क्राइम ब्रांच की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8154903
Total views : 8174993